उत्तराखंड

उत्तराखंड भाजपा में पांच लोस सीटों पर मंत्रियों समेत कई नेता दौड़ में, जानिए किस सीट पर कौन प्रमुख दावेदार..

देहरादून: प्रदेश की पांच लोकसभा सीटों के लिए भाजपा के 55 नेताओं ने खम ठोकी है। चुनाव संचालन समिति की बैठक में इन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का निर्णय हुआ। इनमें धामी सरकार के कुछ मंत्री, पार्टी के विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद शामिल हैं। पार्टी मुख्यालय में हुई चुनाव संचालन समिति की बैठक में उन सभी नामों पर विचार हुआ जो प्रदेश नेतृत्व को प्राप्त हुए और पर्यवेक्षकों ने सौंपे।

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, चुनाव संचालन समिति में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के साथ प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सभी लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर भेजे गए पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जिसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय, सामाजिक संतुलन और रणनीतिक दृष्टि से विचार विमर्श कर केंद्र को भेजे जाने वाले नामों को फाइनल किया गया।

उन्होंने कहा कि लोकसभा सीटों के लिए न्यूनतम पांच और अधिकतम नौ नामों के पैनल को अंतिम रूप दिया गया। इस तरह राज्य की पांचों सीटों पर कुल 55 नामों को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही पार्टी की केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड इन नामों पर विचार कर लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा करेगा।

किस सीट पर कौन प्रमुख दावेदार

गढ़वाल लोस सीट : मौजूदा सांसद तीरथ सिंह रावत के अलावा अनिल बलूनी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, दीप्ति रावत, आशा नौटियाल, अजेंद्र अजय के नाम प्रमुख हैं।

टिहरी लोस सीटः इस सीट पर महारानी राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पार्टी विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, ज्योति प्रसाद गैरौला, कुलदीप कुमार, नेहा जोशी, ऋषिराज डबराल, कुंवर जपेंद्र,लाखी राम जोशी, मनवीर चौहान, रविंद्र जुगरान के नाम शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड में इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम के अन्तर्गत 16 मार्च से अभी तक 16 करोड़ 05 लाख की हुई जब्ती : अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे

हरिद्वार लोस सीटः सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा त्रिवेंद्र सिंह रावत, मदन कौशिक, स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, श्यामवीर सिंह सौनी, किरण, यतींद्रानंद गिरी समेत कई और नाम शामिल हैं।

नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोस सीटः सांसद अजय भट्ट, राजेश शुक्ला, अरविंद पांडेय, बलराज पासी, राजेंद्र बिष्ट, दीप कोश्यारी, दान सिंह रावत समेत कुछ और नाम शामिल हैं।

पिथौरागढ़-अल्मोड़ाः सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गोपाल राम टम्टा, मीना गंगोला, फकीर राम, समीर आर्य, सज्जन लाल टम्टा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!