
डोईवाला। शनिवार को सुबह नौ बजे से दूरदर्शन पर अपने समय का सबसे बड़ा धारावाहिक रामायण का दोबारा प्रसारण किया गया।
करीब 33 साल बाद लोगों को फिर से दूरदर्शन पर रामायण देखने का मौका मिला। जिससे लोगों की पुरानी याद ताजा हो गई। खासकर माता-पिता और अभिभावकों ने अपने बच्चों को बताया कि रामायण जैसा धारावाहिक आज तक देश के इतिहास में नहीं आया है। उस समय रामायण के प्रसारण के दौरान सड़कें सुनसान और कर्फ्यू जैसे हालात देखने को मिलते थे।
लाखों टीवी सेट तब रामायण के कारण ही बिके थे। आज लोगों ने रामायण को कलर टीवी पर देखा। लेकिन तीन दशक पहले ज्यादातर लोगों ने ब्लैक एंड वाइट टीवी पर रामायण को देखा था। युवा पीढी और बच्चों ने बड़े शौक से रामायण को टीवी पर देखा।