
डोईवाला। रसौई गैस, पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ राजीव गांधी पंचायत राज संगठन, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई संगठन ने रसोई गैस की शव यात्रा निकाली।
कार्यकर्ताओं ने मिस्सरवाला से डोईवाला चौक तक रसोई गैस की शव यात्रा निकाल कर पुतला दहन किया। और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। संगठन के प्रदेश संयोजक मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में जरा सा भी गैस और पेट्रोल के दाम बढने पर भाजपाई आसमान सिर पर उठा लेते थे। लेकिन अब खुद की सरकार में हर रोज पेट्रो पदार्थो और गैस सिलेंडरों के दाम बढा रहे हैं।
भाजपा ने गरीब के नाम पर वोट लेकर अपनी सरकार बनाई थी। लेकिन वर्तमान में गरीबों, किसानों, छोटे व्यापारियों व मध्य वर्ग को पूरी तरह से भुला दिया है। वर्तमान भाजपा सरकार कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है। रसोई गैस की कीमत 838.50 रुपए हो गई है। जिससे गरीब जनता का बजट गड़बड़ा गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले फरवरी में भी रसोई गैस की कीमतों में तीन बार बढ़ोतरी की गई थी। डोईवाला युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष राहुल सैनी ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में अचानक इतनी बढ़ी वृद्धि से महिलाएं परेशान हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में हुई गिरावट के बावजूद मोदी सरकार पूंजीपतियों को लाभ देने के लिए आम लोगों को लूट रही है। प्रदर्शन करने वालो में सागर मनवाल, रणजीत सिंह, मनोज नौटियाल, सतनाम सिंह, उम्मेद बोरा, युवा सभासद गौरव मल्होत्रा, बलविंदर सिंह, नागेंद्र सिंह, संजय खत्री, मनीष यादव, बडोवाला ग्राम पंचायत सदस्य सोनिका कुड़ियाल, अखलाख साबरी, मनोज नेगी,
जसवंत सिंह, युवा कांग्रेस विधानसभा महासचिव आशिक अली, जितेंद्र नेगी, प्रदीप सिंह, भारत भूषण कौशल, राजन थापा,रोहन, स्वतंत्र बिष्ट, मनोज पाल, राहुल आर्य, साहिल अली आदि उपस्थित रहे।