
आसमान में फिर छाई काली घटाओं ने किसानों की नींद उड़ाई
Dehradun. बृहस्पतिवार व शुक्रवार को बारिश-ओलावृष्टि के बाद शनिवार सुबह तेज धूप खिली रही।
लेकिन शाम साढे चार बजे के बाद मौसम ने एकबार फिर करवट ली। और आसमान में काली घटाएं छा गई। शनिवार शाम से फिर से बूंदा-बांदी शुरू हो गई। जिसने किसानों की नींद उड़ा दी है। इन दिनों क्षेत्र में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है। और किसान गेहूं की कटाई कर रहे थे। लेकिन मौसम ने गेहूं की फसल को प्रभावित कर दिया है।
यदि मौसम ठीक नहीं हुआ तो किसानों को भारी नुकसान होने की संभावनाएं हैं। शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि के कारण पहले ही किसानों को काफी नुकसान हो चुका है। शनिवार को मौसम खुलने पर किसानों ने कुछ राहत की सांस ली थी। लेकिन शनिवार शाम फिर बूंदा-बांदी और बादलों की तेज गड़गड़हाट ने किसानों को परेशानी में ड़ाल दिया है।
उधर पूर्व राज्यमंत्री करन बोहरा ने तहसील अधिकारियों के साथ ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। कहा कि ओलावृष्टि व बारिश से किसानों का काफी नुकसान हुआ है।
तहसील प्रशासन को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। वहीं सहायक कृर्षि अधिकारी डीएस असवाल ने कहा कि बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं की फसल का काफी नुकसान हुआ है। यदि अब भी मौसम साफ नहीं हुआ तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।