
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डोईवाला दशहरा मैदान में रिमोट का बटन दबाकर रावण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया।
डोईवाला में दशहरा कमेटी की तरफ से कई हफ्ते पहले से 32 वें दशहरा मेले की तैयारियां की जा रही थी। इस बार दशहरे पर 55 फीट के रावण के पुतले और 45 फीट के मेघनाथ के पुतले को तैयार करवाया गया था। दहशरे पर मेला देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दशहरा मेला बुराई पर अच्छाई के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व संदेश देता है कि बुराई के रास्ते से हमेशा बचना चाहिए।
दहशरा मेले के लिए पुलिस की तरफ से व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई थी। और सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम दिखे। जिला मीडिया प्रभारी सम्पूर्ण सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर रावण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया। इस अवसर पर सीएम ओएसडी धीरेंद्र पंवार, राज्यमंत्री बीरेंद्र बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष सुमित्रा मनवाल, रामेश्वर लोधी, रामेश्वर हवेलिया, राजेंद्र वर्मा, ललित बाली, इंद्रजीत, गौरव मलहोत्रा, सतीश शर्मा, संजय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
बच्चों ने अपने प्रयास से बनाया बीस फीट का रावण
असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर प्रेमनगर बाजार डोईवाला के बच्चों ने अपने स्वयं के प्रयासों से बीस फीट का रावण बनाकर पर्व की महता से परिचित कराया। सक्षम जिंदल, शुभम कौशल, आर्यन कौशल, शिखर कौशल, रोहित कौशल आदि बच्चों ने रावण के बीस फुट पुतले का निर्माण बिना किसी की सहायता के अपनी पाकेट मनी बचाकर किया। देर रात पुतले का दहन किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता अश्विनी गुप्ता, अविनाश सिंह, शिवा ने बच्चों के इस कार्य पर उनकी प्रशंसा करते हुए उनकी हौसला अफजाई की।