
डोईवाला। डोईवाला विधानसभा के पहाड़ी क्षेत्र भोगपुर-सनगांव मार्ग पर पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया।
मार्ग अवरुद्ध होने से लगभग एक दर्जन गांवों का संपर्क भोगपुर से टूट गया। बारिश और भूस्खलन के कारण इस मार्ग पर पापड़ी के तीन विशालकाय पेड़ मार्ग पर आकर गिर गए। जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कई लोग अपने काम धंधे पर नहीं जा पाए। सूचना पाकर जनप्रतिनिधि और काफी लोग मौके पर पहुंचे।
सनगांव सिंधवाल गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य अतुल पुंडीर ने कहा कि मार्ग अवरुद्ध होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में अक्सर यहां मार्ग पर पेड़ गिरने या भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं। खबर लिखे जाने तक मार्ग से पेड़ों को नहीं हटाया जा सका था।