
पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने तैयार किया चक्रव्यूह
देहरादून। भाजपा जिला कार्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्टी के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर ने कहा कि देश के विकास में पंचायतों का अहम रोल है। इसी कारण केंद्र से सीधा ग्राम पंचायतों के लिए धन आवंटित हो रहा है। विकास के लिए पंचायतों में हमारे कार्यकर्ताओं का होना बहुत आवश्यक है। भाजपा प्रदेश के पंचायत चुनाव को लेकर गंभीर है और पूरी ताकत से अपने कार्यकर्ताओं से साथ खड़ी होगी। जिला पंचायत सदस्य हेतु संगठन द्वारा प्रत्याशी अधिकृत किए जाएंगे। इसके लिए विकासखंड स्तर पर बैठकों में रायशुमारी होगी। रायपुर, डोईवाला, विकासखंड की बैठक 16 सितम्बर को, सहसपुर और विकास नगर की 17 सितंबर को और चकराता कालसी की 18 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
प्रदेश नेतृत्व ने जिला देहरादून में पंचायत चुनाव हेतु कमेटी गठित कर दी है। जिसमें केबिनेट मंत्री (दर्जाधारी) नरेश बंसल, जिलाध्यक्ष देहरादून शमशेर सिंह पुंडीर, जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व दर्जाधारी रामकृष्ण सिंह रावत, दर्जा धारी दीप्ति रावत होंगी। सहसपुर विधायक सहदेव पुण्डीर ने कहा कि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य भी अपने संगठन के ही जीतने चाहिए। इससे विकास में सहयोग मिलता है।
कार्यक्रम में जनजातिय प्रदेश अध्यक्ष राम कृष्ण सिंह रावत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, रविंदर राणा, नगीना रानी, यशपाल नेगी, महामंत्री सुदेश कंडवाल, अरुण मित्तल, जिला मीडिया प्रभारी सम्पूर्ण सिंह रावत, राजकुमार राज, शरद रावत, अमित शाह, रजनीश शर्मा, दाताराम, चंद्रभान, नितिन बर्थवाल, तारा देवी, पंकज शर्मा, प्रदीप धस्माना, प्रशांत चमोली, संजीव लोधी आदि उपस्थित रहे।