
जल संस्थान ने 40 फीसदी से अधिक बढ़ा दिया पेयजल शुल्क
देहरादून। नगर पालिका में शामिल किए गए गांवों में छह माह बीतने के बाद ही जल संस्थान ने पेयजल शुल्क में 40 फीसदी से अधिक की वृद्धि कर दी है।
डोईवाला नगर पालिका के विस्तारीकरण के बाद जौलीग्रांट, अठुरवाला, कांडरवाला, भानियावाला, लच्छीवाला, मारखमग्रांट, डैसवाला, घिस्सरपड़ी आदि को नगर पालिका में शामिल किया गया था। तब यहां के लोगों से सरकार और जनप्रतिनिधियों ने वादा किया था कि आगामी दस साल तक उनके किसी तरह का कोई बढा हुआ शुल्क नहीं लिया जाएंगा। लेकिन छह माह बीतने के साथ ही जल संस्थान ने उपभोक्ताओं को नगर पालिका के हिसाब से पेयजल बिल भेज दिए हैं। पेयजल बिलों में 40 से 50 फासदी की वृद्धि की गई है। अब कहा जा रहा है कि दस साल का वादा सिर्फ हाऊस टैक्स के लिए किया गया है।
वार्ड नंबर सात के सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि दस साल तक उपभोक्ताओं से कोई बढ़ा हुआ शुल्क नहीं वसूला जा सकता है। ये जल संस्थान की मनमानी है। जिसका विरोध किया जाएगा। वो इस मामले में जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याएं रखेंगे। कहा कि बढे हुए पेयजल शुल्क से लोगों में कड़ी नाराजगी है। और सरकार के खिलाफ आमजन में गलत संदेश जा रहा है। उधर जल संस्थान के जेई विनोद असवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को नगर पालिका के हिसाब से पेयजल बिल भेजे गए हैं।