
पेयजल दरों में वृद्धि को लेकर लोगों में आक्रोश
देहरादून। डोईवाला नगर पालिका के विस्तार के बाद पालिका क्षेत्र में शामिल की गई ग्राम सभाओं में पेयजल शुल्क में वृद्धि कर दी गई है।
डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र में जौलीग्रांट, अठुरवाला, कांडरवाला, भानियावाला, मारखमग्रांट प्रथम, डैशवाला, लच्छीवाला आदि क्षेत्रों को शामिल किया गया था। नगर पालिका में शामिल करते हुए लोगों से राज्य सरकार ने वादा किया था कि दस वर्ष तक उनसे किसी तरह का कोई टैक्स या अतिरिक्त पैसा नहीं वसूला जाएगा। लेकिन अब पेयजल बिलों में भारी वृद्धि कर दी गई है। जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
अब लोगों से कहा जा रहा है कि केवल दस साल तक हाउस टैक्स नहीं वसूले जाने की बात कही गई थी। बढे हुए बिलों का भुगतान तो लोगों को करना ही होगा। सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि पेयजल दरों में भारी वृद्धि करने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए जल संस्थान को पूरानी दरों पर ही बिल भेजने चाहिए। घनश्याम शर्मा ने कहा कि जल संस्थान एक तरफ टिहरी विस्थापितों के बिल माफ कर रहा है। वहीं दूसरे तरफ नगर पालिका में शामिल किए गए लोगों से मनमाने पेयजल शुल्क वसूल रहा है। कहा कि जल संस्थान को बिलों में की गई बढोत्तरी को वापस लेना चाहिए। उधर जल संस्थान के जेई विनोद कुमार ने कहा कि पेयजल दरों में वृद्धि की गई है।